शिवपुरी। जिले के पिछोर क्षेत्र के ग्राम बक्सनपुर-उदयपुरा तिराहे पर राशन वितरण में गड़बड़ी से नाराज आदिवासी ग्रामीणों ने शुक्रवार को खोड़-सिरसौद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन माह से राशन वितरण में अनियमितता की जा रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार प्रतिभा पांडे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और आवेदन प्राप्त किया। अधिकारियों ने मामले का जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
बताया जा रहा है कि बक्सनपुर पंचायत के ग्रामीण मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में भी राशन वितरण की शिकायत लेकर पहुंचे थे। शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर विरोध जताया। करीब तीन घंटे तक चले चक्काजाम के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई।







Be First to Comment