शिवपुरी। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय मजदूर संघ द्वारा सोमवार को शिवपुरी में श्रमिकों और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर धरना एवं रैली का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के बाद शाम करीब 5:30 बजे भारतीय मजदूर संघ के संभागीय मंत्री राजन नायर, जिला अध्यक्ष श्रीमती मंजू धाकड़ एवं जिला मंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला मंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन की ओर से प्रदेश के श्रमिकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न विभागों की 53 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम तथा जिला स्तर की मांगों का ज्ञापन कलेक्टर, शिवपुरी के नाम सौंपा गया है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न विभागों में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों, संविदा, आउटसोर्स और मानदेय कर्मचारियों की समस्याएं लंबित हैं, जिनके निराकरण की मांग को लेकर यह आंदोलन किया गया।
आउटसोर्स और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को लेकर प्रमुख मांग
ज्ञापन में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए निगम-मंडल बनाए जाने तथा प्रदेश के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा किसान मित्र आत्मा परियोजना के अंतर्गत वर्ष 2013 से 2019 तक कार्यरत रहे किसान मित्र एवं दीदियों को पुनः सेवा में बहाल करने की मांग भी की गई।
संविदा कर्मचारियों के संबंध में संगठन ने संविदा नीति-2023 को सभी विभागों में लागू करने तथा पूर्व में लागू 70, 80 और 90 प्रतिशत स्टाइपेंड व्यवस्था को समाप्त करने की मांग रखी। संगठन का कहना है कि संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को उनकी सेवा एवं कार्य के अनुरूप उचित सुरक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
आशा कार्यकर्ताओं और महिला एवं बाल विकास कर्मचारियों की मांगें भी शामिल
ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा सुपरवाइजर का मानदेय बढ़ाने की मांग की गई। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को हर महीने नियमित रूप से वेतन का भुगतान किए जाने की मांग भी रखी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों की पदोन्नति का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल रहा।
इसके अलावा बिजली विभाग में लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को दूर करने की मांग की गई। संगठन ने उच्च शिक्षा प्राप्त संयंत्र सहायकों को कनिष्ठ अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता के पद पर नियुक्त किए जाने की मांग भी शासन के समक्ष रखी।
13 आनुषंगिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
धरना और रैली में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सभी 13 आनुषंगिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए शासन से श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की।
भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है। यदि मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो संगठन द्वारा आगे भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन और प्रदर्शन किए जाएंगे।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभाग प्रमुख फतेह सिंह गुर्जर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजमेर सिंह यादव, रामस्वरूप श्रीवास्तव, राकेश भटनागर, गोविंद शर्मा, सतीश श्रीवास्तव (पेंशनर्स एसोसिएशन), सुधीर मिश्रा (नगर निगम नगरपालिका महासंघ), मंजू धाकड़ (महिला बाल विकास पर्यवेक्षक संघ), हरभजन कौर, राजेंद्र पिपलौदा, अरविंद सड़ैया, पुरोहित जी (म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ), साधना पाठक, शोभा आहूजा (आंगनवाड़ी सहायिका संघ), अरविंद भार्गव (सोशल ऑडिट संघ), बनवारी धाकरे (ऑटो रिक्शा यूनियन), अंजू यादव (आशा, ऊषा एवं आशा सुपरवाइजर संघ), विजेंद्र कुशवाह (भारतीय डाक कर्मचारी संघ), श्रीधर जी (बिजली कर्मचारी महासंघ) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।










Be First to Comment