शिवपुरी के भौंती कस्बे में निर्माणाधीन गोदाम पर टीनशेड लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार को करीब 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण 35 वर्षीय मजदूर धर्मेंद्र ओझा की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें बचाने की कोशिश में उनका ममेरा भाई मनीष ओझा भी करीब 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया और गंभीर घायल हो गया।
धर्मेंद्र ओझा शिवपुरी शहर की गणेश कॉलोनी के रहने वाले थे, जबकि मनीष ओझा कोलारस के खटीक मोहल्ला निवासी हैं। दोनों भौंती में रविंद्र जैन के निर्माणाधीन गोदाम पर टीनशेड लगाने का काम कर रहे थे।
हादसे के दौरान धर्मेंद्र करीब 30 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहे थे। अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिरने लगे। धर्मेंद्र को गिरता देख करीब 15 फीट नीचे काम कर रहे मनीष ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन धर्मेंद्र का वजन अधिक होने के कारण मनीष भी उनके साथ जमीन पर जा गिरे।
धर्मेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष के पैरों में अंदरूनी चोटें आई हैं और एक्स-रे में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है। उनका मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
परिजन ने लगाया सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप
मृतक के भाई सुनील कुमार ओझा ने गोदाम मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों के इतनी ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। परिजन का दावा है कि यदि सुरक्षा किट और जरूरी इंतजाम होते तो हादसा टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस हादसे के कारणों और लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच कर रही है।







Be First to Comment