Press "Enter" to skip to content

पानी की टंकी के पास दंपती का रास्ता रोककर चाकू से हमला, पति के हाथ पर चाकू से वार, बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी भी घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर में रविवार रात एक दंपती के साथ रास्ता रोककर मारपीट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना रेलवे स्टेशन के पास पानी की टंकी के नजदीक की बताई जा रही है।

शिकायतकर्ता महिला ने चार युवकों पर रास्ता रोककर पति के साथ मारपीट करने और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। बीच-बचाव करने पर महिला के हाथ में भी चोट लगने की बात सामने आई है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, रेलवे स्टेशन के पास कृष्णानगर निवासी प्रीति धाकड़ अपने पति अनिकेत धाकड़ के साथ 16 अगस्त की रात मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं। रात करीब 8:45 बजे पानी की टंकी के पास एक काले रंग की स्विफ्ट कार ने उनका रास्ता रोक लिया। शिकायत में बताया गया है कि कार से चार युवक उतरे और अनिकेत के साथ गाली-गलौज करने लगे।

महिला के अनुसार, युवकों में से एक ने उसके पति के साथ मारपीट की, जिससे उनकी पीठ में चोट आई। वहीं एक अन्य युवक ने चाकू से अनिकेत की बाईं कलाई पर कई वार किए, जिससे खून निकलने लगा। पति को बचाने के लिए महिला बीच में आई तो आरोप है कि उसके हाथ की कलाई और अंगूठे के पास भी चाकू से चोट लग गई।

शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवार वहां से गुजरे और घटना की ओर देखने लगे। इसके बाद आरोपी अपनी स्विफ्ट कार में बैठकर कमला हेरिटेज होटल की ओर भाग गए। घटना के बाद घायल दंपती अपनी दूध डेयरी की दुकान पर पहुंचे और महिला ने अपने पिता को फोन कर बुलाया। इसके बाद परिजन के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे का कारण और आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए भी आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!