Press "Enter" to skip to content

शराब के नशे में पिता ने छह साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला, श्यामपुरा में दिल दहला देने वाली घटना / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के पोहरी छर्च थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुरा में 15 अगस्त की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में एक पिता ने अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी अखैराज आदिवासी ने रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई रामवरन आदिवासी शराब के नशे में अपनी पत्नी रामबनी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। विवाद बढ़ने पर पत्नी अपने बेटे को लेकर रिश्तेदार के घर चली गई। बताया गया कि इसके बाद रामवरन अपनी छह वर्षीय बेटी शिवानी को खेत में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।

खेत में बच्ची को घायल अवस्था में पड़ोसी सुमरन आदिवासी ने देखा और इसकी सूचना अखैराज को दी। परिजन और ग्रामीण बच्ची को उपचार के लिए छर्च ले गए, जहां से उसे श्योपुर के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर छर्च थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रामवरन आदिवासी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!