Press "Enter" to skip to content

सावोली पंचायत के निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप, जांच में मौके पर काम नहीं मिलने का दावा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की नरवर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सावोली में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता कृपाल सिंह सोलंकी ने कलेक्टर को आवेदन देकर निर्माण कार्यों की जांच के बाद शासकीय राशि की रिकवरी कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत साबोली में निर्माण कार्यों में अनियमितता और गुणवत्ता को लेकर 29 मई 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नरवर के समक्ष शिकायत की गई थी। इसके बाद उपयंत्री और यंत्री द्वारा मामले की जांच की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच के दौरान कई निर्माण कार्य मौके पर मौजूद नहीं पाए गए, जिसका उल्लेख जांच प्रतिवेदन में भी किया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच में अनियमितताएं सामने आने के बावजूद अब तक संबंधित जिम्मेदारों से शासकीय राशि की रिकवरी अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है। इसके संबंध में कार्यालय जनपद पंचायत नरवर के पत्र क्रमांक 786, दिनांक 2 अगस्त 2026 का भी शिकायत में उल्लेख किया गया है।


मामले में शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत सचिव गोपाल बाधम पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सचिव द्वारा शिकायत वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही झूठे मामले में फंसाने और शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि निर्माण कार्यों में शासकीय राशि के दुरुपयोग अथवा बिना कार्य कराए भुगतान की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदारों से राशि की रिकवरी कराई जाए। साथ ही सरपंच, पूर्व सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, उपयंत्री, यंत्री सहित अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा धमकी और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने के आरोपों की थाना स्तर पर निष्पक्ष जांच कराकर शिकायतकर्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!