शिवपुरी। शहर की शंकर कॉलोनी में भवन की दीवार तोड़कर कथित रूप से रास्ता बनाने के प्रयास और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट व गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़िता नीता सिंघल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता का शंकर कॉलोनी में करीब 50-60 वर्ष पुराना भवन है। आरोप है कि 7 अगस्त 2026 को जोया जाफरी और हैप्पीसिंह चस्का पराठा सहित अन्य लोगों ने भवन की पूर्व दिशा में स्थित दीवार को तोड़कर रास्ता बनाने का प्रयास किया। पीड़िता का दावा है कि इस दौरान दीवार को क्षतिग्रस्त भी किया गया।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो संबंधित लोगों ने उसके साथ कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज की और विवाद करने लगे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गोद में लिए छह माह के बच्चे के साथ खींचतान की गई और पीड़िता के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर चोट और नील के निशान आए।
महिला ने एसपी से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज करने, परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दीवार को नुकसान पहुंचाने की घटना पर कार्रवाई करने की मांग की है।







Be First to Comment