शिवपुरी। जिले के नरवर में खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ के बीच लाइन लगाने को लेकर किसान दौड़ते नजर आए। मौके का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि कुछ देर बाद किसानों ने अपनी-अपनी जगह पहुंचकर व्यवस्थित तरीके से लाइन लगा ली। खाद लेने वालों में महिला किसान भी शामिल रहीं। इसके बाद प्रशासन ने किसानों को टोकन वितरित किए और टोकन के आधार पर खाद वितरण शुरू किया गया। इस दौरान किसी तरह के विवाद या हंगामे की स्थिति सामने नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने नरवर की मां कालका ट्रेडर्स और बालाजी ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दोनों दुकानों पर करीब 2000 बोरी यूरिया और 800 बोरी डीएपी खाद उपलब्ध होना बताया गया। इसके बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पाने की शिकायत सामने आई। इसके बाद तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने आज स्वयं खाद दुकानों पर पहुंचकर किसानों को ऑफलाइन टोकन वितरित कराए। उन्होंने दोनों दुकान संचालकों को निर्देश दिए कि टोकन के आधार पर किसानों को खाद उपलब्ध कराया जाए। निर्देशों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस निरस्त करने, दुकान संचालन से प्रतिबंधित करने और जुर्माने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
तहसीलदार ने निजी खाद वितरण केंद्रों को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद उपलब्ध कराया जाए। अधिक कीमत पर खाद बेचने, स्टॉक छिपाकर कालाबाजारी करने या नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं किसान खाद भंडार के गोदाम में करीब 27 मीट्रिक टन यूरिया यानी 594 कट्टे रखे होने की सूचना मिली है। बताया गया कि दुकान करीब 8-10 दिनों से बंद रखकर खाद का स्टॉक किए जाने की शिकायत पर जांच की जा रही है। तहसीलदार के अनुसार जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment