शिवपुरी। कोलारस क्षेत्र की ग्राम पंचायत दीघोद के ग्रामीणों ने उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन मुनेश जाटव एवं दिलीप जाटव पर पिछले 4 महीने से उपभोक्ताओं को राशन वितरित नहीं करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन मांगने पर सेल्समैन द्वारा टाल दिया जाता है और कथित तौर पर यह कहा जाता है कि “जो हो सके कर लो।” ग्रामीणों ने शिकायत में राशन वितरण व्यवस्था की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत करने के बाद जांच के नाम पर अधिकारियों द्वारा गांव में जांच की गई, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक दुकान नियमित रूप से नहीं खुलती। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दुकान तीन दिन खुलने की रिपोर्ट तैयार कर दी गई, जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है। ग्रामीणों ने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि उनकी मौजूदगी में मौके की वास्तविक स्थिति की जांच नहीं की गई।
शिकायत में समस्त ग्रामवासियों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष और गोपनीय तरीके से मौके पर जांच कराने की मांग की है, ताकि राशन दुकान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिना पूर्व सूचना के जांच की जाए तो दुकान संचालन और राशन वितरण की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।







Be First to Comment