शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम आलमपुर मट पपरोड़ में पेयजल व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर नल-जल योजना के तहत जल्द पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। गाँव के करीब 50 से 60 परिवार समस्या से झूझ रहे हैं।
शिकायत में बताया कि गांव में पेयजल का पर्याप्त इंतजाम नहीं है। इसके चलते उन्हें गर्मी, सर्दी और बारिश, हर मौसम में करीब एक किलोमीटर दूर से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी लाने में महिलाओं और बच्चों को भी काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने गांव के सरपंच और सचिव को भी पेयजल समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है और उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
जनसुनवाई में दिए आवेदन में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि आलमपुर मट पपरोड़ में नल-जल योजना के तहत जल्द से जल्द पेयजल की व्यवस्था कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को दूर से पानी लाने की समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में रहने वाले परिवारों के लिए पानी रोजमर्रा की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसे में प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की उम्मीद है।







Be First to Comment