शिवपुरी। मेडिकल कॉलेज के पीछे निर्माणाधीन शहरी आवास योजना में काम कर रहे करीब 180 मजदूरों को डेढ़ महीने से मजदूरी नहीं मिली है। सोमवार को मजदूर भुगतान की मांग को लेकर एक्सिस बैंक पहुंचे और प्रदर्शन किया। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार लगातार बैंक से भुगतान नहीं आने की बात कहकर उन्हें टाल रहा है।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर रूपेश ठाकुर के मुताबिक मजदूरों के भुगतान के लिए करीब 92 लाख रुपए की NEFT 20 जुलाई को बैंक में जमा की गई थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हो सका। बैंक ने सीएमओ के हस्ताक्षर से जुड़ी समस्या बताई थी। वहीं सीएमओ यशवंत राठौर का कहना है कि उन्होंने करीब 10 दिन पहले ही हस्ताक्षर अपडेट करा दिए थे।
यह शहरी आवास योजना 1030 आवासों का प्रोजेक्ट है, जो करीब 10 साल पहले शुरू हुआ था। धीमी गति के कारण अब भी करीब 350 आवास निर्माणाधीन हैं। सीएमओ ने मंगलवार को बैंक पहुंचकर प्रबंधन से चर्चा कर मजदूरों का भुगतान जल्द कराने की बात कही है।







Be First to Comment