शिवपुरी। कोलारस तहसील क्षेत्र के बूडाडोंगर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट, खर्च के लिए पैसे नहीं देने, 7 माह के बच्चे के साथ घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा अपनी और बच्चे की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार श्रीमती गीता गुर्जर, पुत्री हरेराम गुर्जर, निवासी बूडाडोंगर तहसील कोलारस की करीब तीन वर्ष पहले संजू उर्फ संदीप गुर्जर पुत्र सुखपाल गुर्जर, निवासी ग्राम गुज्जा तहसील कैलारस, जिला मुरैना के साथ आपसी सहमति और लिखापढ़ी के आधार पर शादी हुई थी। दोनों से एक पुत्र शिवम गुर्जर, जिसकी उम्र करीब 7 माह है, जन्मा है।
महिला ने शिकायत में बताया कि उसका पति वाहन चलाने का काम करता है और उसे अपने साथ दतिया जिले के देहात थाना क्षेत्र के पास किराए के मकान में रखता था। आरोप है कि वहां पति द्वारा आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। महिला के मुताबिक उसे खाना-पीना और घरेलू खर्च के लिए पैसे भी नहीं दिए जाते थे तथा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
शिकायत के मुताबिक 12 जुलाई 2026 को पति ने महिला के साथ मारपीट की और उसे उसके 7 माह के बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि पति ने शिकायत या किसी तरह की कार्रवाई करने पर उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद महिला अपने बच्चे को लेकर मायके बूलाडोंगर आकर रहने लगी।
महिला ने शिकायत में बताया कि उसके और परिवार के सदस्यों द्वारा पति के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया जाता है तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज करता है और धमकी देता है। महिला के अनुसार पति ने उसे अपने साथ रखने से इनकार करते हुए कहीं भी शिकायत करने की बात कही।
गीता गुर्जर ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसका पति और उसके माता-पिता पति की दूसरी शादी कराने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने आशंका जताई है कि उसके और बच्चे के साथ ससुराल पक्ष द्वारा कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पति और ससुराल पक्ष के लोगों को थाने बुलाकर मामले की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसने अपनी और अपने 7 माह के बच्चे की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।







Be First to Comment