शिवपुरी। शिवपुरी एसपी को दी गई शिकायत में नरवर क्षेत्र की विवाहिता निकिता ने अपने पति आकाश सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक निकिता की शादी 18 अप्रैल 2024 को ग्वालियर निवासी आकाश कुशवाह से हुई थी। विवाह में करीब 20 लाख रुपए खर्च करने और सोने-चांदी के आभूषण सहित गृहस्थी का सामान देने का दावा किया गया है।
शिकायत में आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। कथित तौर पर 7 लाख रुपए या ग्राम देवरी में पिता के नाम दर्ज जमीन ससुराल पक्ष के नाम करने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी नहीं होने पर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने तथा मायके भेजने के आरोप लगाए गए।
जुड़वा बेटियों के जन्म के बाद बढ़ी प्रताड़ना का आरोप
निकिता ने शिकायत में बताया कि गर्भावस्था के दौरान ससुराल पक्ष ने इलाज और डिलीवरी में सहयोग नहीं किया। उसके माता-पिता और मामा ने ग्वालियर के अस्पताल में ऑपरेशन कराया, जहां उसने जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। शिकायत के अनुसार ससुराल पक्ष ने बेटा चाहने की बात कहते हुए दोनों बेटियों के जन्म पर नाराजगी जताई। इनमें से एक बच्ची की दो माह बाद मृत्यु हो गई, जबकि दूसरी बेटी वंशिका वर्तमान में निकिता के साथ रह रही है।
पहले भी दर्ज कराई थी शिकायत
शिकायत के अनुसार 12 सितंबर 2025 को दहेज की मांग को लेकर मारपीट की घटना हुई थी, जिस पर सिरोल थाना, ग्वालियर में अपराध क्रमांक 0197/2025 दर्ज कराया गया था। महिला का आरोप है कि उस समय दहेज प्रताड़ना की बात दर्ज नहीं की गई और केवल मारपीट की रिपोर्ट लिखी गई। बाद में पंचायत के समझाने पर वह ससुराल चली गई, लेकिन कुछ माह बाद फिर विवाद हुआ और उसे बच्ची सहित घर से निकाल दिया गया।
केस वापस लेने का दबाव डालने का आरोप
निकिता के मुताबिक उसने शिवपुरी कुटुंब न्यायालय में अपने और नाबालिग बेटी के भरण-पोषण को लेकर मामला लगाया है। शिकायत में आरोप है कि 3 अगस्त 2026 को ससुराल पक्ष के लोग ग्राम देवरी पहुंचे और मामले को वापस लेने का दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान फिर से 7 लाख रुपए या जमीन की मांग दोहराई गई और मांग पूरी नहीं होने पर उसे साथ रखने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने बताया कि वह फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से पुरानी शिवपुरी के बड़ालुहारपुरा में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही है। उसने पुलिस अधीक्षक से पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य आरोपों में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।







Be First to Comment