शिवपुरी। शहर के निवासी सुरेंद्र रजक ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर अपनी पत्नी अनीता रजक और अमर सिंह उर्फ सडुआ रजक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में घर से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और मोटरसाइकिल ले जाने, गाली-गलौज, मारपीट तथा धमकी देने का आरोप लगाया गया है। साथ ही सुरेंद्र ने अपनी जान को लेकर आशंका जताते हुए ‘नीले ड्रम में पैक कर देने’ का डर भी शिकायत में व्यक्त किया है।
शिकायत के अनुसार सुरेंद्र रजक निवासी भारतीय विद्यालय रोड, शिवपुरी की शादी वर्ष 2017 में अनीता रजक पुत्री प्रकाश रजक, निवासी ग्राम दुर्गापुर, जिला झांसी से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं।
पत्नी के दूसरे व्यक्ति से संबंध का आरोप
सुरेंद्र ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अनीता के अमर सिंह उर्फ सडुआ रजक निवासी रातीकीरार, तहसील शिवपुरी से संबंध हैं और पत्नी उसे घर पर बुलाती थी। सुरेंद्र के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो पत्नी और अमर सिंह ने उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने उसे और उसके परिवार के सदस्यों को मामले की जानकारी किसी को देने अथवा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घर से जेवर, नकदी और बाइक ले जाने का आरोप
शिकायत में सुरेंद्र ने बताया कि 7 अगस्त 2026 को अमर सिंह को उसके घर बुलाया गया। इसके बाद पत्नी द्वारा शादी में मिला सामान छोटा हाथी पिकअप वाहन में भरवाकर ले जाने का आरोप है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक घर से सोने-चांदी के जेवर, ₹10 हजार नकद और उसके नाम दर्ज हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP33M6094 भी ले जाई गई। सुरेंद्र का आरोप है कि पत्नी और अमर सिंह जाते समय उसे और उसके परिवार को धमकी देकर गए।
‘नीले ड्रम में पैक कर देने’ की आशंका
शिकायत में सुरेंद्र ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है। उसका कहना है कि उसे ‘नीले ड्रम में पैक कर देने’ का डर है। इसी आशंका के चलते उसने पुलिस अधीक्षक से अपनी और परिवार के सदस्यों की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
हालांकि, शिकायत में ऐसी किसी घटना के घटित होने की पुष्टि नहीं है और नीले ड्रम से जुड़ी बात शिकायतकर्ता द्वारा जताई गई आशंका के रूप में सामने आई है।
बाइक के दुरुपयोग की भी आशंका
सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल उसके नाम पर है और आशंका है कि भविष्य में इसका किसी गलत काम में इस्तेमाल किया जा सकता है। उसने पुलिस से मांग की है कि बाइक के किसी भी संभावित दुरुपयोग की स्थिति में संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जाए।







Be First to Comment