शिवपुरी। जिले में बारिश का दौर अब तेज हो गया है। पिछले तीन दिनों में जिले की औसत बारिश में 71.95 मिमी की बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को पिछोर और रविवार शाम को कोलारस क्षेत्र में हुई तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए और कई रास्तों पर पानी भर गया।
कोलारस क्षेत्र में करीब दो घंटे हुई तेज बारिश के बाद लुकवासा चौकी क्षेत्र के ग्राम उकावल जाने वाले रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। वहीं कोलारस कस्बे में जगतपुर से खटीक मोहल्ला जाने वाले मार्ग पर गुंजारी नदी के रपटे के ऊपर से पानी बहने लगा।
इसी तरह कोलारस से मोहरा गांव जाने वाले रपटे पर भी पानी ऊपर आ गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक ग्रामीण बहते पानी के बीच ट्रैक्टर निकालता नजर आया, जबकि ट्रैक्टर पर कुछ ग्रामीण भी बैठे हुए थे।
गुंजारी नदी के रपटे पर पानी आने के बाद लोगों में चिंता भी नजर आई। पिछले साल इसी रपटे को पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
भू-अभिलेख विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 9 अगस्त 2026 तक जिले में 378.31 मिमी औसत बारिश दर्ज हुई है। 6 अगस्त तक यह आंकड़ा 306.36 मिमी था। इस तरह तीन दिनों में औसत बारिश में 71.95 मिमी की बढ़ोतरी हुई है।
हालांकि बारिश की रफ्तार बढ़ने के बावजूद शिवपुरी पिछले साल की तुलना में काफी पीछे है। 9 अगस्त 2025 तक जिले में 1047.88 मिमी औसत बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस साल अब तक 378.31 मिमी बारिश हुई है। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार 669.57 मिमी कम बारिश हुई है।
शिवपुरी जिले की सामान्य औसत बारिश 816.3 मिमी है। 9 अगस्त तक हुई 378.31 मिमी बारिश सामान्य औसत का करीब 46.3 प्रतिशत है। सामान्य औसत का आंकड़ा पूरा करने के लिए जिले को अभी 437.99 मिमी बारिश की जरूरत है।
6 अगस्त तक पिछले साल जिले में 1043.10 मिमी बारिश हो चुकी थी, जबकि इस साल 306.36 मिमी ही दर्ज हुई थी। उस समय बारिश की कमी 736.74 मिमी थी। पिछले तीन दिनों की बारिश के बाद यह अंतर घटकर 669.57 मिमी रह गया है।









Be First to Comment