शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद गांव में रविवार दोपहर कच्ची शराब की बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही अमोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही युवक खुद टंकी से नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। युवक कथित तौर पर नशे की हालत में था और करीब 10 से 15 मिनट तक पानी की टंकी पर खड़ा रहा। वह गांव में कच्ची शराब की बिक्री बंद कराने की मांग कर रहा था। युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना से मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सेंगर ने बताया कि युवक के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचते ही वह नीचे उतर आया। इसके बाद उसे समझाइश देकर मौके से रवाना कर दिया गया। मामले में फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
बिजली कटौती को लेकर भी चर्चा में रहा सिरसौद
सिरसौद गांव इससे पहले बिजली कटौती की समस्या को लेकर भी चर्चा में रहा है। बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की प्रतीकात्मक शव यात्रा भी निकाली गई थी।
चक्काजाम के दौरान एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों के फंसने के मामले में सिरसौद सरपंच अतर सिंह लोधी सहित कई ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर के बाद ग्रामीणों ने करेरा तहसील मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था।







Be First to Comment