शिवपुरी। जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर निवासी श्रीमती सविता लोधी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पुराने विवाद और रंजिश के चलते उन पर जानलेवा हमला किया गया, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ। साथ ही आरोपी पक्ष द्वारा लगातार समझौते का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले आरोपी पक्ष पर घर से गेहूं के कट्टे चोरी करने और एक पालतू भैंस चोरी करने का आरोप लगाया गया था। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से समझौता हो गया था, जबकि भैंस चोरी की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से आरोपी पक्ष परिवार से रंजिश रखने लगा।
पीड़िता के अनुसार 19 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे खेत से घर लौटते समय हीरापुर-पुरैनी मार्ग पर अजय लोधी ने बिना नंबर की काले रंग की पल्सर बाइक से तेज और लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक का पहिया उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। उन्हें पहले पिछोर अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले में मायापुर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहा है और परिवार को राजीनामा न करने पर जान से मारने तथा गांव से बेदखल करने की धमकियां दे रहा है।
पीड़िता ने एसपी से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले में गंभीर धाराएं जोड़ने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।








Be First to Comment