शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदोलीपुरा निवासी अरविन्द जाटव (23) ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर सतीश शर्मा निवासी रजौआ पर रुपये नहीं लौटाने, धमकी देने और जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगाए हैं। साथ ही बैराड़ थाना पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, घर खर्च की जरूरत के चलते अरविन्द जाटव ने अपनी रकम सतीश शर्मा के पास रखी थी और उससे 5 हजार रुपये लिए थे। बाद में आरोपी के मकान निर्माण में मजदूरी कर उसने यह राशि ब्याज सहित चुका दी। शिकायत में दावा किया गया है कि इसके बावजूद उसकी 20 हजार रुपये की मजदूरी और जमा रकम आरोपी पर बकाया है, जिसे लौटाने से इनकार किया जा रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता है और जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करता है। उसने यह भी आरोप लगाया कि बैराड़ थाने में शिकायत करने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं हुई।
अरविन्द जाटव ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज करने, बकाया राशि वापस दिलाने तथा अपने जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







Be First to Comment