Press "Enter" to skip to content

2.72 करोड़ की नल-जल योजना पर भ्रष्टाचार के आरोप, अधूरे कार्य का हैंडओवर लेने का दबाव होने का दावा / Shivpuri News

शिवपुरी जिले की पोहरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अगर्रा में जल जीवन मिशन के तहत करीब 2 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से निर्मित नल-जल योजना एक बार फिर विवादों में आ गई है। ग्राम पंचायत के सरपंच रामकिशन आदिवासी ने निर्माण एजेंसी गिर्राज कंस्ट्रक्शन कंपनी पर अधूरे कार्य को पूर्ण बताकर पंचायत पर हैंडओवर लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

सरपंच का कहना है कि योजना के कई महत्वपूर्ण कार्य अभी अधूरे हैं। कई स्थानों पर पाइपलाइन और अन्य निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किए गए हैं। उनका दावा है कि ग्रामीणों को अभी तक नियमित पेयजल आपूर्ति भी शुरू नहीं हुई है, इसके बावजूद योजना को कागजों में पूर्ण दर्शाने का प्रयास किया जा रहा है।

रामकिशन आदिवासी ने कहा कि जब तक सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे नहीं होंगे और ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होगी, तब तक ग्राम पंचायत योजना का हैंडओवर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने भी योजना की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराकर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!