शिवपुरी। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर तहसील नरवर के सभी पटवारी अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फसल गिरदावरी, आय-जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो गए हैं, जिससे किसानों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटवारियों का कहना है कि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने पदोन्नति के अवसर, समय पर विभागीय परीक्षाएं, कैडर रिव्यू लागू करने, समयमान वेतनमान तथा अन्य सुविधाएं दिए जाने की मांग उठाई है। आंदोलनकारी पटवारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
धरना प्रदर्शन तहसील नरवर पटवारी संघ के अध्यक्ष पीयूष साहू के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस दौरान मुकेश महेश्वरी, जगदीश चंदेल, दीवान सिंह गुर्जर, गोपाल कोली, शिवनारायण कुशवाह, विनोद रावत, धर्मेंद्र रावत, सूर्यवान रावत, महेंद्र कुशवाह सहित बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे।
हड़ताल के कारण किसानों के भूमि संबंधी कार्य लंबित हो रहे हैं। किसान नामांतरण, सीमांकन और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए तहसील कार्यालय और पटवारी हलकों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। किसानों ने शासन से जल्द समाधान निकालकर राजस्व व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है।







Be First to Comment