Press "Enter" to skip to content

तीन बच्चों संग जिंदगीभर साथ निभाने का वादा, फिर घर से निकाला; महिला बोली- शिकायत करने निकली तो जबरन जहर खिलाने की कोशिश की / Shivpuri News

शिवपुरी। कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंची काजल शर्मा ने राजकुमार यादव और उसके परिजनों पर शादी और जीवनभर साथ रखने का झांसा देकर धोखा देने, मारपीट करने, घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मामले में कड़ी कार्रवाई और अपने तीन बच्चों सहित सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार काजल शर्मा की पहले शादी इंदौर निवासी सूरजवेदी से हुई थी, जिससे उनके तीन बच्चे हैं। बाद में उनकी पहचान शिवपुरी के 26 नंबर कोठी के पास रहने वाले राजकुमार यादव से हुई। महिला का आरोप है कि राजकुमार ने खुद को अविवाहित बताते हुए उन्हें और उनके तीनों बच्चों का जीवनभर भरण-पोषण करने तथा साथ रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों के बीच कोर्ट में लिखापढ़ी भी कराई गई।

महिला का आरोप है कि कुछ समय तक साथ रखने के बाद राजकुमार और उसके परिजनों ने मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 27 जुलाई 2026 को कथित रूप से राजकुमार, उसकी मां, बहन और बहनोई ने उन्हें तीनों बच्चों सहित घर से निकाल दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

काजल शर्मा ने बताया कि 28 जुलाई को उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद जब वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा रही थीं, तभी पोलो ग्राउंड के पास राजकुमार यादव, उसकी बहन राजकुमारी, मोना, मनीष और अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया। महिला का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जबरन चूहे मारने वाली दवा खिलाई गई, जबकि कार्रवाई से बचने के लिए राजकुमार ने भी स्वयं दवा खाकर झूठा मामला बनाने की कोशिश की।

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उनका जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में उपचार हुआ। उन्होंने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके परिजन अब भी उन्हें और उनके बच्चों को लगातार धमका रहे हैं। महिला ने कलेक्टर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!