शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के खतौरा गांव में शनिवार तड़के चोरों ने कोलारस विधायक महेंद्र यादव के निवास परिसर में स्थित गायत्री मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर को निशाना बनाया। बदमाशों ने दोनों मंदिरों के ताले तोड़कर माता के श्रृंगार में लगे आर्टिफिशियल हार और कड़े चोरी कर लिए। आशंका है कि चोर इन्हें सोने के आभूषण समझकर अपने साथ ले गए।
घटना का खुलासा शनिवार सुबह करीब 6 बजे उस समय हुआ, जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह आरती करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दोनों मंदिरों के ताले टूटे हुए हैं और माता के श्रृंगार में लगे आभूषण गायब हैं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना में सबसे हैरानी की बात यह रही कि मंदिर में रखे तीनों दानपात्र सुरक्षित मिले। चोरों ने दानपात्रों में रखी नकदी को हाथ नहीं लगाया और केवल जेवर लेकर फरार हो गए, जिससे माना जा रहा है कि उनका निशाना केवल आभूषण थे।
चोरी के बाद आरोपी विधायक के एक कर्मचारी की मोटरसाइकिल भी चुराकर भाग निकले। रात में गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्धों का पीछा किया, लेकिन आरोपी गांव के तालाब के पास बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मंदिर में चोरी से पहले बदमाशों ने गांव के एक अन्य घर में घुसने का भी प्रयास किया था। इस दौरान वे वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
कोलारस विधायक महेंद्र यादव ने बताया कि माता के असली सोने के आभूषण अलग से सुरक्षित रखे जाते हैं और केवल विशेष अवसरों पर ही पहनाए जाते हैं। सामान्य दिनों में आर्टिफिशियल जेवरों से श्रृंगार किया जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि चोर इन्हें असली सोना समझकर ले गए।
इंदार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







Be First to Comment