Press "Enter" to skip to content

सिरसौद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किसानों के 8.24 लाख रुपये हड़पने वाला आरोपी यूपी से गिरफ्तार, दो साल से फरार स्थायी वारंटी भी दबोचा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की सिरसौद थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए किसानों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी और दो वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पहली कार्रवाई में सिरसौद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 13/26 के तहत किसानों से टमाटर खरीदकर भुगतान नहीं करने वाले आरोपी मोहम्मद आमिर (35) निवासी असालतपुरा, थाना गलशहीद, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को उसके गृह जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से किसानों की मेहनत की 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, 1 और 5 दिसंबर 2025 को ग्राम शंकरपुर के किसानों से कुल 1030 क्रेट टमाटर 800 रुपये प्रति क्रेट की दर से खरीदकर गाजीपुर मंडी में बेचे गए थे। आरोप है कि व्यापारी मोहम्मद आमिर ने किसानों के 8.24 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया और 10 दिसंबर 2025 को गांव से फरार हो गया। इस मामले में 14 जनवरी 2026 को सिरसौद थाने में अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया था।

दूसरी कार्रवाई में सिरसौद पुलिस ने वर्ष 2019 और 2020 के दो अलग-अलग प्रकरणों (237/19 एवं 194/20) में करीब दो साल से फरार स्थायी वारंटी शम्भू उर्फ शिम्भू रावत (40) निवासी ग्राम झूड, थाना सिरसौद को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दोनों कार्रवाइयां पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!