Press "Enter" to skip to content

1-2 अगस्त को निकलेगी गौरक्षा संदेश पदयात्रा, गौ संरक्षण का संदेश लेकर बदरवास से शिवपुरी पहुंचेगी यात्रा / Shivpuri News

शिवपुरी। सनातन संस्कृति के संरक्षण और गौमाता की सेवा व सुरक्षा के उद्देश्य से 1 एवं 2 अगस्त 2026 को जिले में ‘गौरक्षा संदेश पदयात्रा’ निकाली जाएगी। श्री बैकुण्ठधाम परिवार, एनवारा आश्रम बदरवास के तत्वावधान में आयोजित इस पदयात्रा का नेतृत्व गुरु राजेश जी महाराज करेंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक जनजागरण अभियान है, जिसका उद्देश्य समाज में गौ संरक्षण और गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, धर्मप्रेमियों, युवाओं और मातृशक्ति से राजनीति से ऊपर उठकर इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।

पदयात्रा का शुभारंभ 1 अगस्त की सुबह 8 बजे श्री बैकुण्ठधाम आश्रम, बदरवास से होगा। यात्रा लुकवासा, देहरदा और कोलारस से होकर गुजरेगी, जहां विभिन्न स्थानों पर स्वागत, भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी। 2 अगस्त को पदयात्रा पडोरा और सेसई स्थित रईंजा वाले हनुमान मंदिर से होते हुए राजेश्वरी माता मंदिर, शिवपुरी पहुंचेगी, जहां इसका भव्य समापन होगा। यात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में गौ पूजन और पदयात्रियों का स्वागत किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार पदयात्रा के माध्यम से गौहत्या पर प्रभावी रोक, गौ संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने, गोपालन को बढ़ावा देने, किसानों को सहायता उपलब्ध कराने तथा शासकीय गौशालाओं के बेहतर संचालन जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। यात्रा में शामिल होने या सहयोग के लिए आयोजकों ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं और अधिक से अधिक लोगों से इस जनजागरण अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!