शिवपुरी। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र के ग्राम भाटी निवासी युवक पिंटू लोधी की जान डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से बच गई। परिजनों से विवाद के बाद युवक घर से आत्महत्या की बात कहकर निकल गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और उसे रेलवे ट्रैक से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार पिंटू लोधी ट्रक चालक है और बुधवार रात मुंबई से ट्रक लेकर गांव लौटा था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसका परिजनों से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह आत्महत्या करने की बात कहकर घर से निकल गया।
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे युवक की बहन ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसका भाई घर छोड़कर चला गया है। उसने बताया कि पिंटू पांच बहनों का इकलौता भाई है और परिवार उसकी तलाश कर रहा है।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद गांव से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पर पिंटू लोधी सुरक्षित मिला। पुलिस उसे अपने साथ लेकर आई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में था।
डायल-112 की समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई।







Be First to Comment