शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले दो प्राथमिक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने विकासखंड शिवपुरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया और विकासखंड पोहरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में दोनों विद्यालयों में साफ-सफाई की खराब स्थिति, कक्षा-1 में नए प्रवेश नहीं होना, अपार आईडी बनाने में बेहद धीमी प्रगति और यू-डाईस प्रोग्रेशन शून्य पाया गया। जमौनिया स्कूल में खिड़की भी टूटी मिली।
जमौनिया विद्यालय के प्राथमिक शिक्षक रवि कुमार चौधरी को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने जवाब प्रस्तुत नहीं किया। वहीं, अलापुरा विद्यालय के प्राथमिक शिक्षक सुरेश मांझी भी कार्य में लापरवाही के दोषी पाए गए।
दोनों शिक्षकों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में रवि कुमार चौधरी का मुख्यालय बीईओ कार्यालय कोलारस तथा सुरेश मांझी का मुख्यालय बीईओ कार्यालय बदरवास निर्धारित किया गया है।







Be First to Comment