शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 किनारे स्थित खाटू श्याम होटल के एक कमरे में 30 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला अपने दूसरे पति के साथ होटल परिसर में बने कमरे में रह रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोलारस क्षेत्र के मितोजी गांव निवासी 30 वर्षीय लक्ष्मी कुशवाह के पहले पति ने करीब एक वर्ष पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद लक्ष्मी की इंस्टाग्राम के माध्यम से झांसी निवासी पंकज जाटव से पहचान हुई। पंकज कोलारस स्थित खाटू श्याम होटल में कुक का काम करता है। दोनों ने 7 मार्च 2026 को झांसी के एक मंदिर में विवाह कर लिया था।
पंकज जाटव ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद लक्ष्मी का उसके ससुराल पक्ष से विवाद होने लगा था, जिसके कारण दोनों पहले शिवपुरी में किराए के मकान में रहने लगे। बाद में वह होटल परिसर में बने कमरे में उसके साथ रहने लगी।
पंकज का यह भी कहना है कि इस दौरान लक्ष्मी की किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत होती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया और वे साथ रहने लगे।
मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पंकज काम खत्म कर कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। वह दूसरे कमरे के रास्ते अंदर पहुंचा और दरवाजा खोलकर देखा तो लक्ष्मी फंदे पर लटकी हुई थी। उसने होटल कर्मचारियों की मदद से उसे नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment