शिवपुरी जिले की नगर परिषद बैराड़ का मामला सामने आया है। जहां बैराड़ में हुई थोड़ी सी ही बारिश ने नगर परिषद बैराड़ की पोल खोल कर रख दी। बैराड़ नगर परिषद कार्यालय के ठीक सामने सड़क पर पानी भर गया, जिससे साफ दिखाई दिया कि बरसात से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई। हल्की बारिश में जलभराव की स्थिति बनने से नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
नगर के कई क्षेत्रों में नालियों से गंदगी बाहर निकलकर सड़कों पर फैल गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता, तो थोड़ी सी बारिश में ही इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती। नगर परिषद कार्यालय के सामने पानी भरना इस बात का संकेत है कि बरसात से पहले किए जाने वाले सफाई अभियान का असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश अधिक तेज नहीं थी, फिर भी सड़कें पानी से भर गईं। यदि लगातार या तेज बारिश होती, तो पानी दुकानों और मकानों में घुस सकता था, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता था। नागरिकों का यह भी कहना है कि नालियों की समय-समय पर सफाई नहीं होने से गंदगी जमा हो गई है, जिसके कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है।
लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल सभी प्रमुख नालियों की सफाई कराई जाए और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आगामी बारिश में नगरवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना न करना पड़े। हल्की बारिश ने ही नगर परिषद के दावों की पोल खोलकर रख दी है।







Be First to Comment