शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के उकावल गांव स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक के खिलाफ आठ वर्षीय छात्र से मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लुकवासा चौकी क्षेत्र के उकावल गांव निवासी राजू जाटव ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका आठ वर्षीय बेटा अभि, जो कक्षा चौथी का छात्र है, स्कूल में प्यास लगने पर शिक्षक लोकेश शर्मा की पानी की बोतल से पानी पी लिया था।
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर शिक्षक ने छात्र के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। घटना के समय विद्यालय में छात्र रोहित जाटव और टीवाश जाटव भी मौजूद थे।
शिकायत के आधार पर कोलारस पुलिस ने आरोपी शिक्षक लोकेश शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 115(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(व्हीए) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment