शिवपुरी। पोहरी थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई नकबजनी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया केबल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल ₹60 हजार का मशरूका बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि उसके दो अन्य साथी अभी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को ग्राम जटवारा निवासी देवेन्द्र कुशवाह (23) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उसकी इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर केबल और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब ₹35 हजार बताई गई थी। मामले में पोहरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजा विश्वकर्मा (24) निवासी संजय कॉलोनी, शिवपुरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों विजय कल्हार और लक्ष्मण कल्हार के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि तीनों ने मोटरसाइकिल MP33MS7067 से नायरा पेट्रोल पंप के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर केबल चोरी की थी और उसे सफेद बोरी में भरकर गौशाला के पास पिपरघार पुलिया के नीचे छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब ₹20 हजार कीमत का चोरी गया केबल तथा वारदात में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (कीमत करीब ₹40 हजार) बरामद कर ली। इस तरह पुलिस ने कुल ₹60 हजार का मशरूका जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।







Be First to Comment