Lशिवपुरी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सोमवार को शिवपुरी पुलिस और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से पोहरी चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस पेट्रोल पंप के पास शासकीय भूमि पर अवैध रूप से रखी और बनाई गई गुमटियों को बुल्डोजर की मदद से हटाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और नगर पालिका अमला मौके पर मौजूद रहा।
पुलिस के अनुसार, पोहरी चौराहे के आसपास शासकीय भूमि पर लंबे समय से अवैध गुमटियां रखी हुई थीं। इन गुमटियों के आसपास शाम के समय बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। लगातार मिल रही शिकायतों और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शिवपुरी पुलिस ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से चर्चा कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।
सोमवार 27 जुलाई 2026 को नगर पालिका और शिवपुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुल्डोजर के माध्यम से अवैध गुमटियों को हटाया। इस दौरान यातायात प्रभारी आरआई रणवीर यादव अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पूरी कार्रवाई की निगरानी की और अतिक्रमण करने वालों को दोबारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से पोहरी चौराहे पर यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारू होगी, जाम की समस्या में कमी आएगी और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही भविष्य में भी सार्वजनिक स्थानों और शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










Be First to Comment