शिवपुरी। शहर में गुटबाजी के चलते युवकों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। देहात थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाने जा रहे कुछ युवकों पर स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने सरिया और डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर शहर में अपना गैंग का दबदबा दिखाने और लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की।
कोतवाली में दर्ज शिकायत के अनुसार पुरानी शिवपुरी के कुशवाह मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय अंकित कुशवाह ने बताया कि 26 जुलाई की शाम करीब 4:45 बजे वह अपने साथी देवेंद्र कुशवाह, दीपेश कुशवाह, योगेश कुशवाह, राहुल कुशवाह और मोहित कुशवाह के साथ अपने मित्र हिमांशु बाथम का जन्मदिन मनाने के लिए उसे लेने पिपरसमा जा रहा था।
गुरुनानक इंटरनेशनल स्कूल के पास पीछे से बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। वाहन से देवा रावत, अभि धाकड़, प्रिंस रावत और राजवीर गुर्जर उतरे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर देवा रावत ने कांटेदार तार लगे डंडे से अंकित के बाएं हाथ पर हमला कर दिया। इसके बाद राजवीर गुर्जर ने सरिया से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा।
अंकित को बचाने पहुंचे देवेंद्र, दीपेश और योगेश के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। हमले में देवेंद्र की पीठ पर खरोंच आई, जबकि दीपेश के हाथ और पीठ तथा योगेश के कंधे, पीठ और कोहनी में चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर इलाके में अपना दबदबा बनाने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने का प्रयास किया।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर देवा रावत, अभि धाकड़, प्रिंस रावत और राजवीर गुर्जर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








Be First to Comment