शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला विमला बाल्मीक सोमवार को अपने बेटे के कंधों पर बैठकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट कर घर से निकालने, मकान पर कब्जा करने और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता विमला बाल्मीक ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने अपने बड़े बेटे के साथ रहने के लिए मकान में अलग से एक कमरा बनवाया था। उनका आरोप है कि छोटे बेटे विक्रम बाल्मीक ने मकान के दो अन्य कमरों पर कब्जा कर लिया और उन्हें तथा उनके पति बालमुकुंद बाल्मीक को घर से बाहर निकाल दिया।
विमला बाल्मीक के अनुसार, घर से निकालने के बाद उन्हें रहने के लिए बाहर एक अस्थायी टपरा डालकर रहने को मजबूर किया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण वहां रहना भी मुश्किल हो गया। जब उन्होंने छोटे बेटे से रहने के लिए एक कमरा खाली करने की बात कही, तो बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट की और घर से भगा दिया।
बुजुर्ग महिला का कहना है कि पिछले तीन दिनों से वह और उनके पति बेघर होकर इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत फिजिकल थाना पुलिस से भी की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस से राहत नहीं मिलने पर सोमवार को वह अपने बड़े बेटे के कंधों पर बैठकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आवेदन देकर अपना मकान वापस दिलाने तथा छोटे बेटे और बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी कार्यालय ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








Be First to Comment