Press "Enter" to skip to content

जिला अस्पताल के गायनिक वार्ड में महिला गार्ड और परिजनों के बीच विवाद, जांच शुरू / Shivpuri News

शिवपुरी। जिला अस्पताल के गायनिक वार्ड में शुक्रवार दोपहर गर्भवती महिला के परिजनों और महिला सुरक्षा गार्ड के बीच प्रवेश को लेकर विवाद हो गया। परिजनों ने महिला गार्ड पर अभद्र व्यवहार, हाथ पकड़कर खींचने और थप्पड़ मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तनाव की स्थिति रही। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नरवर निवासी सात माह की गर्भवती सीमा प्रजापति को अत्यधिक ब्लीडिंग होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि नरवर के सरकारी अस्पताल से गुरुवार रात ही भर्ती का पर्चा बन गया था, लेकिन जंगल का रास्ता और खराब मौसम होने के कारण वे रात में शिवपुरी नहीं पहुंच सके। शुक्रवार दोपहर अस्पताल पहुंचने पर पहले पुराने पर्चे पर भर्ती से इनकार किया गया, बाद में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद महिला को गायनिक वार्ड में भर्ती किया गया।

परिजनों का आरोप

मरीज की ननद चेतना प्रजापति ने आरोप लगाया कि भर्ती के बाद वह कार की चाबी बाहर खड़े भाई को देने के लिए वार्ड से बाहर आई थीं। इसी दौरान गेट पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोक लिया, हाथ पकड़कर खींचा और थप्पड़ मारने की बात कही। विरोध करने पर पुलिस के पास भेजने की धमकी भी दी गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि बाहर खड़े भाई के साथ भी गार्ड ने अभद्र व्यवहार किया।

परिजन निशांत प्रजापति ने बताया कि भर्ती के दौरान जांच, पर्चे और अन्य औपचारिकताओं के कारण वार्ड से बाहर आना-जाना पड़ता है। उनका कहना है कि सहयोग मिलने के बजाय उनके साथ अभद्रता की गई, जबकि गर्भवती महिला दर्द से परेशान थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

अस्पताल प्रबंधन का पक्ष

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आर.पी. सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित महिला सुरक्षा गार्ड से बात की गई। गार्ड का कहना है कि मरीज के साथ पहले से दो अटेंडरों को वार्ड में प्रवेश की अनुमति दी गई थी, लेकिन दो अन्य परिजन भी अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त लोगों को रोका गया, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी।

सिविल सर्जन ने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!