शिवपुरी। जिले में मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के मामले में आखिरकार खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों और सोशल मीडिया पर मामला प्रमुखता से उठने के बाद शुक्रवार को विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन में उपयोग की जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लीं।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई महीनों से शासकीय भूमि से लाल मुरम और पत्थरों का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। खनन माफियाओं ने बड़े पैमाने पर खुदाई कर गहरे गड्ढे बना दिए, जिससे लाखों रुपये मूल्य की मुरम और पत्थर निकाले जाने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मामला उठाया, जिसके बाद खनिज विभाग हरकत में आया।
खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध खनन में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कीं। जब्त वाहनों को यातायात थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है। पूरे मामले का प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा, जहां नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन से इलाके का भू-स्वरूप बदल गया है और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से भविष्य में दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।







Be First to Comment