शिवपुरी। जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र के बिछी गांव में 26 वर्षीय विवाहिता रेनू गुर्जर की जलने से मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने घटना को रसोई में चाय बनाते समय साड़ी में आग लगने से हुआ हादसा बताया है, जबकि मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना के बाद आग लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में पैनल से पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस के अनुसार, भितरवार क्षेत्र निवासी रेनू गुर्जर की शादी 11 अप्रैल 2024 को बिछी गांव निवासी नरेंद्र गुर्जर से हुई थी। बुधवार शाम गंभीर रूप से झुलसी हालत में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
ससुराल पक्ष का कहना है कि मंगलवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच रेनू गैस पर चाय बना रही थी। इसी दौरान उसकी साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
वहीं, मृतका के पिता लोटन सिंह गुर्जर ने इस दावे को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि पति नरेंद्र उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करता था।
मृतका की बड़ी बहन कमलेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि शादी में करीब 11 लाख रुपये खर्च किए गए थे और दहेज भी दिया गया था। इसके बावजूद पति दहेज के सामान को लेकर विवाद करता था और रेनू के साथ मारपीट करता था। परिजनों के अनुसार, घटना से चार-पांच दिन पहले भी उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद परिवार ने उसके भाई को ससुराल भेजा था।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि घटना वाले दिन दोपहर 3 से 4 बजे के बीच उन्होंने रेनू के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके नंबर ब्लैकलिस्ट थे। कुछ समय बाद उन्हें रेनू के जलने की सूचना मिली।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की बात कही है।







Be First to Comment