शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में दिनदहाड़े जेबकतरी की घटना सामने आई है। एबी रोड स्थित एक कीटनाशक दुकान पर दवा खरीदने पहुंचे किसान की जेब से अज्ञात युवक भीड़ का फायदा उठाकर करीब 8 से 9 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम साखनौर निवासी विनोद लोधी एबी रोड पर होटल फूलराज के सामने स्थित शाकाम्बरी ट्रेडर्स पर कीटनाशक दवा खरीदने पहुंचे थे। दुकान पर भीड़ होने के कारण उनके पीछे खड़े एक युवक ने मौका पाकर उनकी जेब से नकदी निकाल ली और चुपचाप वहां से निकल गया।
दवा खरीदने के बाद जब विनोद लोधी भुगतान करने के लिए जेब में हाथ डालने लगे तो उन्हें रुपये गायब मिले। इसके बाद दुकान संचालक ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें एक संदिग्ध युवक किसान की जेब से रुपये निकालते हुए स्पष्ट दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, संदिग्ध की कद-काठी नाबालिग जैसी प्रतीत हो रही है। हालांकि उसकी वास्तविक उम्र की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास कर रही है।
पीड़ित किसान की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों से भी संदिग्ध की पहचान में सहयोग की अपील की गई है।







Be First to Comment