शिवपुरी। जिले के पोहरी तहसील क्षेत्र के निवासी राहुल गुप्ता ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं की तो वह पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार राहुल गुप्ता ने बताया कि उनकी कृषि भूमि सर्वे नंबर 313/1/1, रकबा 0.6000 हेक्टेयर, ग्राम मचाखुर्द तहसील पोहरी में स्थित है, जिस पर उनका वैध स्वामित्व और कब्जा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 19 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे मुरारी धाकड़, ब्रजभान धाकड़, तोमर यादव सहित अन्य लोग खेत पर पहुंचे और अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
राहुल गुप्ता का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से भी की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि आरोपियों की धमकियां लगातार जारी हैं, जिससे उनका परिवार भय के साये में जी रहा है।
पीड़ित ने कलेक्टर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, कृषि भूमि पर अवैध कब्जा रोकने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई और न्याय नहीं मिला तो वह पूरे परिवार के साथ आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।







Be First to Comment