Press "Enter" to skip to content

ऑपरेशन मुस्कान: 30 मिनट में मिले तीन गुमशुदा बच्चे, थाने में टीआई ने चिप्स खिलाकर बढ़ाया हौसला / Shivpuri News

शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट में तीन गुमशुदा नाबालिग बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता के साथ-साथ बच्चों के प्रति मानवीय व्यवहार की भी लोगों ने सराहना की।

रविवार को परिजनों ने थाना कोतवाली में सूचना दी कि उनके तीन नाबालिग बच्चे माधव चौक क्षेत्र से लापता हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित दुबे ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन तलाश अभियान शुरू कराया।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के निर्देशन में पुलिस टीम ने पुराना बस स्टैंड, माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, न्यू ब्लॉक, झांसी चौराहा, गुना बायपास और फतेहपुर चौराहा सहित कई स्थानों पर तलाश की। अभियान के दौरान तीनों बच्चे रातोर तिराहे के पास सकुशल मिल गए।

बच्चों को थाने लाने के बाद उन्हें उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बच्चों को चिप्स खिलाकर उनका हौसला बढ़ाया। इस भावुक पल का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी लोग सराहना कर रहे हैं।

परिजनों ने बच्चों को सकुशल वापस मिलने पर शिवपुरी कोतवाली पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!