शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस पर मजदूरी करने गई आदिवासी महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि काम के दौरान फावड़ा मांगने की बात पर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया। बचाने पहुंची उसकी मां और अन्य महिलाओं के साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार आज शनिवार को गांव का शंकरिया जाटव अपनी टैक्सी से उन्हें मजदूरी के लिए नवीन जाट के फार्म हाउस पर लेकर गया था। सभी महिलाएं खेत पर काम कर रही थीं।
पीड़िता का आरोप है कि दोपहर करीब 2 बजे वहां काम कर रहे दूसरे मजदूर रघुराज आदिवासी ने उसका फावड़ा उठा लिया। जब उसने अपना फावड़ा वापस मांगा तो रघुराज भड़क गया और मां-बहन की गालियां देने लगा। विरोध करने पर उसने सुमन के गाल पर थप्पड़ मार दिया, जिससे उसे चोट आई।
सुमन का कहना है कि उसे बचाने के लिए उसकी मां मौके पर पहुंचीं। इसी दौरान रघुराज की मां और उसके पिता भी वहां आ गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिलाओं के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment