शिवपुरी। जिले की पिछोर थाना पुलिस ने फर्जी शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने शादी कराने का झांसा देकर एक युवक से पहले ₹99 हजार वसूले, फिर अतिरिक्त रकम की मांग की। विरोध करने पर मारपीट, वाहन में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को हरियाणा के गुरुग्राम जिले के गांव धेंगोला, तहसील सोहना निवासी सुधीर फोगाट (32) ने पिछोर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी, शिवानी लोधी, प्राण सिंह यादव तथा उनके दो अन्य साथियों ने आपसी साजिश के तहत योगेंद्र नामक युवक की शादी कराने का झूठा भरोसा दिलाया।
आरोप है कि आरोपियों ने फोन पर बातचीत के माध्यम से शादी तय कराने के नाम पर ₹99 हजार ले लिए। इसके बाद पूर्व निर्धारित स्थान पर बुलाकर फरियादी और उसके परिजनों का रास्ता रोक लिया तथा अतिरिक्त रकम की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और साथ आई युवती शिवानी को अपने साथ ले गए। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में पिछोर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 332/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 119(1), 318(4), 126(2), 115(2), 324(4), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 जुलाई 2026 को मुख्य आरोपी कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी निवासी ग्राम परतापुरा, थाना खनियाधाना तथा शिवानी लोधी निवासी ग्राम सेमरी, थाना पिछोर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।







Be First to Comment