Press "Enter" to skip to content

दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव कुएं में मिले, गांव में मातम; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच, पर्स से मिली पर्ची, लिखा नंबर / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेहरवारा में दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव कुएं में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम से लापता दोनों 16 वर्षीय किशोरियों के शव शुक्रवार को गांव के एक कुएं से बरामद हुए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पूनम धाकड़ (16) पिता राजेन्द्र सिंह धाकड़ और कीर्ति धाकड़ (16) पिता सुघर सिंह धाकड़ गुरुवार देर शाम अपने-अपने घरों से लापता हो गई थीं। दोनों चचेरी बहनें थीं और अक्सर साथ रहती थीं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर तेंदुआ थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

शुक्रवार सुबह गांव के जय कॉन्वेंट स्कूल के पास स्थित एक कुएं के घाट पर ग्रामीणों को चप्पलें दिखाई दीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पहचान कराई, जिन्होंने चप्पलों को लापता किशोरियों में से एक का बताया। इसके बाद मोटर लगाकर कुएं का पानी निकाला गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पानी का स्तर कम होने पर दोनों किशोरियों के शव कुएं में दिखाई दिए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए कोलारस अस्पताल भेज दिया।

मृतका पूनम के पिता राजेन्द्र सिंह धाकड़ ने बताया कि उनकी बेटी के पर्स से एक पर्ची मिली है, जिस पर एक युवक का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने उस पर्ची को अपने कब्जे में लेकर नंबर की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नंबर किसका है और उसका इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।

फिलहाल पुलिस मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

दोनों किशोरियों की एक साथ हुई इस दर्दनाक मौत से डेहरवारा गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण घटना के वास्तविक कारण सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!