शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम काली पहाड़ी मेड़ा श्यामपुर निवासी एक मजदूर के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र से अपने गांव लौट रहे मजदूर को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात युवक ने पहले चालाकी से उसका यूपीआई पिन रिकॉर्ड कर लिया, फिर ट्रेन में पत्नी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर मोबाइल लेकर उसके खाते से ₹9 हजार ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम प्रकोष्ठ शिवपुरी में शिकायत देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, धनवंत सिंह बघेल पुत्र रामपाल सिंह बघेल महाराष्ट्र के सोलापुर स्थित एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। 16 जुलाई 2026 को वह ट्रेन से सोलापुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जबलपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने के लिए लाइन में खड़े थे।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि लाइन में खड़े रहने के दौरान पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने उनके कंधे पर अपना मोबाइल रखकर उनके यूपीआई पिन डालने का वीडियो बना लिया। इसके बाद दोनों एक ही ट्रेन में सवार हुए।
ट्रेन में सफर के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाते हुए जरूरी कॉल करने के लिए धनवंत सिंह से मोबाइल मांगा। भरोसा कर उन्होंने अपना मोबाइल दे दिया। इसी दौरान आरोपी ने पहले से रिकॉर्ड किए गए यूपीआई पिन का उपयोग करते हुए उनकी जानकारी और अनुमति के बिना ₹9 हजार रविकांत चौबे के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम ट्रांसफर करने के बाद आरोपी ने मोबाइल वापस कर दिया और कुछ देर बाद मौका मिलते ही फरार हो गया। जब धनवंत सिंह ने अपने खाते की जांच की तो उन्हें ₹9 हजार निकलने की जानकारी हुई। काफी तलाश के बावजूद आरोपी का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम प्रकोष्ठ शिवपुरी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई ₹9 हजार की राशि वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







Be First to Comment