lशिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी की बनी 100 लीटर कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोरिया पहाड़ी के पीछे अमरपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब लेकर खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक दो प्लास्टिक की केनों के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रमोद पुत्र सीताराम कुशवाह (24 वर्ष), निवासी भैरगवां, थाना बैराड़ बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक की केनों में भरी 100 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।






Be First to Comment