शिवपुरी। नगर पालिका परिषद शिवपुरी के सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस, जिला शाखा शिवपुरी के बैनर तले कर्मचारियों ने नगर पालिका सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर 11 सूत्रीय मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए गए तथा अधिकारियों द्वारा मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हर बार समझौता कर आंदोलन समाप्त करा दिया जाता है, लेकिन बाद में मांगों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था समाप्त की जाए, क्योंकि कई कर्मचारी मोबाइल चलाना नहीं जानते और उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी होती है।
सफाई कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 5 से 10 तारीख के बीच जारी किया जाए।
हाईकोर्ट और शासन के निर्देशों के अनुसार 10 से 15 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए।
हर वर्ष की तरह स्थायी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये और कलेक्टर दर पर कार्यरत कर्मचारियों को 5 हजार रुपये गल्ला एडवांस दिया जाए।
गर्मी, बरसात और सर्दी के लिए समय पर वर्दी, रेनकोट, गमबूट सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
दो वर्ष की परीक्षावधि पूरी करने वाले कर्मचारियों के वेतनवृद्धि और एरियर का भुगतान किया जाए।
10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर समयमान वेतनमान और उसका एरियर दिया जाए।
शासन के नियमों के अनुसार सफाई कर्मचारियों की पदोन्नति की जाए।
कर्मचारियों के वेतन से कटने वाले एनपीएस की राशि नियमित जमा कर उसकी जानकारी, पासबुक और खाता विवरण उपलब्ध कराया जाए।
पीएफ की राशि समय पर कर्मचारियों के खातों में जमा की जाए।
एलआईसी की किस्तें भी समय पर जमा कराई जाएं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।






Be First to Comment