शिवपुरी। खनियांधाना विकासखंड के बीईओ कार्यालय में एक बार फिर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शासकीय स्कूलों में लघु निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत करीब 3.37 करोड़ रुपये के बजट में कथित गड़बड़ी की शिकायतों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने 4 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है। टीम को पांच दिनों के भीतर संबंधित विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया है क्योंकि करीब एक वर्ष पहले इसी बीईओ कार्यालय में करीब 1 करोड़ रुपये के गबन का मामला सामने आया था, जिसमें सरकारी राशि कथित रूप से कर्मचारियों और उनके परिजनों के खातों में ट्रांसफर किए जाने के आरोप लगे थे।
जांच के दायरे में खनियांधाना, अछरौनी, बामोर कला, चमरौआ, झालोनी, लहर्रा, मुहारी, पिपरा, मायापुर, रही, मुहासा और उवारी सहित 12 विद्यालयों में स्वीकृत निर्माण कार्यों की राशि शामिल है। जिला स्तरीय जांच दल में एपीसी राजूबाबू आर्य, सहायक यंत्री सतीश निगम, पिछोर बीईओ विनोद कुमार गुप्ता और उपयंत्री वीरन लाल लोधी को शामिल किया गया है।
इधर, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार के तहत सभी शिक्षकों के अटैचमेंट निरस्त कर उन्हें मूल विद्यालयों में लौटने और 'हमारे शिक्षक एप' से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अब पूरे जिले की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।






Be First to Comment