शिवपुरी। प्रदेशभर में चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत मंगलवार को शिवपुरी में यातायात पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान 12 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 6 बसों में विभिन्न कमियां पाए जाने पर 13 हजार रुपये का चालान किया गया, जबकि एक बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेजा गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार नवीन शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में थाना यातायात शिवपुरी और आरटीओ की संयुक्त टीम ने पैप्पी डेज स्कूल एवं सेंट बेनेडिक्ट स्कूल की बसों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान बसों में रजिस्ट्रेशन संबंधी अनियमितताएं, यातायात संकेतों का उल्लंघन, बिना नेम प्लेट संचालन, खराब टायर, स्टेपनी की खराब स्थिति तथा क्लीनर के बिना बैज ड्यूटी करने जैसी कमियां सामने आईं। इन खामियों पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 13 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इसके अलावा एक बस को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेजा गया। वहीं बस संचालकों द्वारा सभी बसों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं कराने पर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।






Be First to Comment