Press "Enter" to skip to content

बिजली-पानी संकट से परेशान मोहरा के ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की कोलारस तहसील के ग्राम मोहरा के ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली और पेयजल संकट को लेकर विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय तथा एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि मड़ीखेड़ा विद्युत पंप लाइन पर पिछले दो महीने से नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे किसानों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और गांव में पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि तीन फेज पंप लाइन पर बिजली आने के बावजूद आपूर्ति केवल एक से दो घंटे ही मिलती है, जिससे खेतों की सिंचाई संभव नहीं हो पा रही। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार लाइनमैन और विभागीय अधिकारियों को मौखिक एवं लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा। उनका आरोप है कि बिजली लाइन के तार टूटने या करंट फैलने जैसी आपात स्थिति में भी लाइनमैन और सुपरवाइजर फोन नहीं उठाते, जिससे ग्रामीणों और मवेशियों की जान को खतरा बना रहता है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि मड़ीखेड़ा पंप लाइन को जल्द से जल्द कोलारस फीडर से जोड़ा जाए तथा नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई और ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत वितरण कंपनी की होगी।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!