शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम एंजवारा निवासी एक दंपति ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर गांव के ही चार लोगों पर जानलेवा हमला, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे महिला गोबर एकत्रित करने गई थी। इसी दौरान गांव के राजेश यादव ने कथित रूप से पीछे से आकर उसकी साड़ी खींच दी। महिला के शोर मचाने पर उसका पति राजपाल यादव बचाने पहुंचा तो विवाद बढ़ गया।
पीड़िता का आरोप है कि राजेश यादव ने फर्से से उसके पति के सिर पर हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े। इसके बाद राजकुमार, पुष्पा और प्रसन्न भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर दंपति के साथ मारपीट की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जबकि महिला के दाएं हाथ में फ्रैक्चर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित दंपति का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने और बाहर पढ़ रहे बच्चों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।
आवेदन में बताया गया है कि घटना की सूचना इंदार थाने में दी गई, पीड़िता ने एसपी शिवपुरी से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






Be First to Comment