शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्हारा निवासी एक विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर पति, जेठ और जेठानी पर दहेज की मांग, मारपीट, छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, विवाहिता की करीब दो वर्ष पहले ग्राम तिमानी निवासी ओतार जाटव से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार शादी हुई थी। दोनों का एक डेढ़ वर्षीय बेटा भी है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से पति ओतार जाटव, जेठ कैलाश जाटव और जेठानी रीना जाटव मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि मायके से 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया गया और रकम नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की गई।
विवाहिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसका जेठ कई बार उसके साथ छेड़छाड़ करता रहा और जबरन अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया। इसकी शिकायत पति और ससुराल पक्ष से करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि जेठ का पक्ष लिया गया।
पीड़िता के अनुसार, 12 मई 2026 की रात पति और जेठ शराब पीकर घर पहुंचे और गाली-गलौज के बाद उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे लात-घूंसों और डंडों से पीटा गया तथा डेढ़ वर्षीय बच्चे और पांच माह के गर्भ के बावजूद उसे पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाल दिया गया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी समझौते का दबाव बना रहे हैं और उसे व उसके मायके पक्ष के लोगों को लगातार धमकियां दे रहे हैं।
विवाहिता ने एसपी से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी, कानूनी कार्रवाई तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।






Be First to Comment